मंगलवार, 20 मार्च 2018

धीर वीर - बहादुरशाह ‘ज़फ़र’









धीर वीर

बहादुरशाह ‘ज़फ़र’


हे सन सत्तावन के नायक, स्वातंत्र्य युद्ध के सूत्रधार I

तुम वीर ह्रदय, अति ढेर धैर्यवान, भारत माँ की सच्ची पुकार II



उत्साह तुम्हारा  शानदार,

साहस क़तार अन्दर क़तार,

व्यक्तित्व सदाशामय, मनहर, मनो बसन्त की थी बयार i

हे सन सत्तावन के नायक, स्वातंत्र्य युद्ध के सूत्रधार ! (1)



नव जाग्रति के तुम उषाकाल,

आज़ादी की उज्जवल मशाल,

तुम देश-भक्ति की दिव्य ज्योत, तुम देश-प्रेम के प्रखर ज्वार i

हे सन सत्तावन के नायक, स्वातंत्र्य युद्ध के सूत्रधार ! (2)



तुम हिन्दू-मुल्सिम ऐक्य-भाव,

सब दूर कर दिये मन मुटाव,

हे प्रीति-रीति के पैग़म्बर, मान-मति से तुम अतिशय उदार i

हे सन सत्तावन के नायक, स्वातंत्र्य युद्ध के सूत्रधार ! (3)



उस पच्चासी की वय में भी,

थी चाह तुम्हारी बलि-पथ की,

चिन्तन सब के सब धार दार, सब कृत्य क्रांतियों के प्रसार i

हे सन सत्तावन के नायक, स्वातंत्र्य युद्ध के सूत्रधार ! (4)



सौहार्द-समन्वय-सुख-निधान,

अति निष्ठामय प्रिय बाग़बान,

तुम शीतल-मन्द-सुगन्ध पवन, उपवन के अलबेले निखार I

हे सन सत्तावन के नायक, स्वातंत्र्य युद्ध के सूत्रधार ! (5)





परिवेश तुम्हारा साहितिय्क,

व्यक्तित्व समुज्ज्वल सामाजिक,

उर्दू  भाषा-शैली-सुविग्य, तुम उच्च कोटि के काव्यकर I

हे सन सत्तावन के नायक, स्वातंत्र्य युद्ध के सूत्रधार ! (6)



ग़जलों में तुमने जो लिक्खा,

की उसमें वर्णित आत्म कथा,

है व्यथा-वेदना में डूबा, साहित्य तुम्हारी यादगार I

हे सन सत्तावन के नायक, स्वातंत्र्य युद्ध के सूत्रधार ! (7)



रंगून-जेल माँ बन्दी बन,

काटा तुमने अन्तिम जीवन,

तुम जन-मानस पर छाए थे, बन करुणभाव के ग़जलकार;

हे सन सत्तावन के नायक, स्वातंत्र्य युद्ध के सूत्रधार !

तुम वीर ह्रदय, अति ढेर धैर्यवान, भारत माँ की सच्ची पुकार I (8)



*-*-*-*-*



कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

श्रीमद्भगवद्गीता श्लोक (३/०४)

न कर्मणामनारंभान्नैष्कर्म्यं पुरुषोऽश्नुते । न च सन्न्यसनादेव सिद्धिं समधिगच्छति ॥ भावार्थ :  मनुष्य न तो कर्मों का आरंभ किए बिन...