सोमवार, 26 मार्च 2018

सुदर्शन चक्रधर - योगिराज श्री कृष्ण










सुदर्शन चक्रधर
योगिराज श्री कृष्ण


श्री कृष्ण सरिस अति दुलर्भ है व्यक्तित्व इरादों में अविचल,
उसने निज शिव संकल्पों से, विस्तीर्ण किया जग में मंगल,
सज्जन गण को सम्मान दिया, खल-दल-बल को कर दिया खरल,
निष्पाप कहाया जगती में, वह कर्म वीर, वह क्रांति-कुशल,
अत्युत्तम उसका प्रिय चरित्र, गुण-कर्म-स्वभाव सकल उज्जवल
वह आप्त पुरुष, वह वीत-राग, जीवन-जाग्रतिमय, नित्य नवल (1)


वह ब्रह्मतेज धारी निरुपम, वह ब्रह्म-यज्ञ का मतवाला,
वह शांति-दूत, वह क्रान्ति-दूत, भव-मोचन, अतुलित उजियाला,
गति शील रहा जग में, ज्यों अति प्रचंड विद्युन्माला,
दिशि-दिशि में धर्म-आचरण की, सुलगा दी ज्योतिर्मय ज्वाला,
     वह निपटा नित्य असुरगण से राक्षस-दल से पल-पल-अनुपल
वह आप्त पुरुष, वह वीत-राग, जीवन-जाग्रतिमय, नित्य नवल (2)

वह वीरोचित पथ-निर्माता, वह वीरोचित पथ-अनुयायी,
वह अर्घ्य-दान का अधिकारी, वेद्मृत का प्रिय मधुपायी,
वह राजसूय-यग्याह्लादक, शिशुपालों के हित दुखदायी,
दुर्धुष कंस-दुर्योधन-से दुर्जन कर दिए धराशायी,
     वह ‘जरासंध’ का संहारक, वह ‘शकुनि-वर्गप्रति’ दावानल
     अत्युत्तम उसका प्रिय चरित्र, गुण-कर्म-स्वभाव सकल उज्जवल (3)

वह एक, अनेकों नामों से जगती में याद किया जाता,
गिरधर, मुरलीधर, बनमाली, गोपाल, जनार्दन, ब्रजत्राता,
कंसारि, मुरारी, मधुसुदन, हरी, केशव, मोहन मदमाता,
गोविन्द, कन्हैया, योगेश्वर,  ह्रषिकेश, बिहारी सुखदाता,
ब्रजचंद्र, देवकी नन्दन औ घनश्याम आदि सब नाम धवल
     अत्युत्तम उसका प्रिय चरित्र, गुण-कर्म-स्वभाव सकल उज्जवल (4)


संतान-रत्न की प्राप्ति हेतु, वह नीति-कुशल, वह नेकनाम,
देवी ‘रुकमिणि’ को साथ लिए, जा पहुंचा बद्रीनाथ-धाम,
बारह वर्षों तक ब्रह्मचर्य का, व्रत पाला बन दिव्य काम,
केवल बेरों के बल पर ही, था अन्त्य वर्ष बीता तमाम,
     देखा जग ने इस जीवट का तपशील विरल, व्रतशील विरल
     अत्युत्तम उसका प्रिय चरित्र, गुण-कर्म-स्वभाव सकल उज्जवल (5)

सब मोह-दशाओं को जीतो, गीता का ज्ञान सिखाता है,
स्थित प्रज्ञ बना जो जीवन में, वह जीवन्मुक्त कहाता है,
निष्काम सुमति के बल पर ही, नर महा मनुज कहलाता है,
जग में जो  त्रिगुणातीत हुआ, अपवर्गस्तर पा जाता है,
     दैवी सम्पद अविरत साधो, उपदेश यही उसका निर्मल
     अत्युत्तम उसका प्रिय चरित्र, गुण-कर्म-स्वभाव सकल उज्जवल (6)

गीता का सर्वश्रेष्ठ भाष्य है स्वयं कृष्ण का निज जीवन,
पालन स्वधर्म का किया नित्य, कर सांख्य-योग-मति को धारण
सन्देश दिया अविराम ‘सरस’, वेदामृत का कर के मंथन
उद्देश्य यही वर्णाश्रम का, हो अन्तरस्थ जग का प्रकटन,
     यह मानुष-जन्म अमोलक है, मत करो स्वयं को विश्रुन्ख्ल
     अत्युत्तम उसका प्रिय चरित्र, गुण-कर्म-स्वभाव सकल उज्जवल
वह आप्त पुरुष, वह वीत-राग, जीवन-जाग्रतिमय, नित्य नवल (7)




आकाश गंगा
                                             डॉ बेदार सरस


*-*-*-*-*


















कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

श्रीमद्भगवद्गीता श्लोक (३/०४)

न कर्मणामनारंभान्नैष्कर्म्यं पुरुषोऽश्नुते । न च सन्न्यसनादेव सिद्धिं समधिगच्छति ॥ भावार्थ :  मनुष्य न तो कर्मों का आरंभ किए बिन...