शनिवार, 10 मार्च 2018

अशफ़ाकुल्ला खां






अमर बलिदानी


अशफ़ाकुल्ला खां


वह मातृ-भू-सेवा-निरत, सद्भक्ति का परिपाक था I


बलि-पथ-वरण के हेतु ही पैदा हुआ अशफ़ाक़ था II


          उसने जवानी दी लुटा,


          अपने वतन पर सर्वथा,


थी देश-हित उसकी लगन, वह देश-हित ग़मनाक था I


वह मातृ-भू-सेवा-निरत, सद्भक्ति का परिपाक था II (1)




          संघर्ष ही की राह पर,


          अविरत रहा वह अग्रसर,


विचलित हुआ तिल भर नहीं, उस का सुप्रिय अख्लाक था I


वह मातृ-भू-सेवा-निरत, सद्भक्ति का परिपाक था II (2)




          सौहार्द में वह नित मगन,


          मज़हब फ़क़त अपना “वतन”,


वह हिन्दू-मुस्लिम-जाति का, पावन सुखद इल्हाक था I


वह मातृ-भू-सेवा-निरत, सद्भक्ति का परिपाक था II (3)




          वह त्यागमय, वह शौर्यमय,


          उत्साह-साहस का निलय,


शासन बदेशी के लिये, हर आन दहशतनाक था I


वह मातृ-भू-सेवा-निरत, सद्भक्ति का परिपाक था II (4)




          काम+आई पग पग बे गुमाँ,


          उसकी निशाने बाज़ियाँ,


इतिहास का उद्घोष है, व्यक्तित्व वह बेबाक था I


वह मातृ-भू-सेवा-निरत, सद्भक्ति का परिपाक था II (5)




          उसकी यही पहचान थी,


          मुख पर सदा मुस्कान थी,


वह था जियाला सुरमा, ख़ुशरंग, ख़ुश पोशाक था I


वह मातृ-भू-सेवा-निरत, सद्भक्ति का परिपाक था II (6)




          वह था समर्पित ‘राम[1]’-प्रति,


          आकृष्ट निश्चित ‘राम’ प्रति,


धुन थी उसे बस ‘राम’ की, वह ‘राम’ का मुश्ताक था I


वह मातृ-भू-सेवा-निरत, सद्भक्ति का परिपाक था II (7)




          संगम विलक्षण था  बना,


          इस्लामो-वैदिक धर्म का,


अशफ़ाक़ था बिस्मिल, तो बिस्मिल भी बना अशफ़ाक़ था I


वह मातृ-भू-सेवा-निरत, सद्भक्ति का परिपाक था II (8)




          करता रहा वह शाइरी,


          उपनाम – ‘हज़रत’/ ‘वार्सी’,


अनुभूतियों किए दृष्टि से सविशेष धम धड़ाक था I


वह मातृ-भू-सेवा-निरत, सद्भक्ति का परिपाक था I


बलि-पथ-वरण के हेतु ही पैदा हुआ अशफ़ाक़ था II (9)






*-*-*-*-*






[1] राम – राम प्रसाद ‘बिस्मिल’ I एक बार रुग्ण होने पर अशफ़ाक अचेत-अवस्था में निरंतर ‘राम’ को ही पुकारता रहा I

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

श्रीमद्भगवद्गीता श्लोक (३/०४)

न कर्मणामनारंभान्नैष्कर्म्यं पुरुषोऽश्नुते । न च सन्न्यसनादेव सिद्धिं समधिगच्छति ॥ भावार्थ :  मनुष्य न तो कर्मों का आरंभ किए बिन...