मंगलवार, 13 मार्च 2018

इतिहास-पुरुष - स्वामी श्रद्धानन्द सरस्वती








इतिहास-पुरुष


स्वामी श्रद्धानन्द सरस्वती

(1)

स्वामी श्रद्धानन्द की, श्रद्धा का क्या पार I


वे ईश्वर-विश्वास के, थे प्रतीक साकार II


थे प्रतीक साकार, अभय के, शम-दम-धृति के I


परिपोषक सविशेष श्रेष्ठतम श्रुति-संस्कृति के II


कह कवि ‘सरस’ सुजान, प्रखर वे ऋषि-अनुगामी I


वीर ह्रदय थे विश्व-विदित गरिमामय स्वामी II




(2)


स्वर्ण प्रात थे वे सुधी, जन-जागृति-अभियान I


दीन जनों की धन्यता, दलितों के अभिमान II


दलितों के अभिमान, अछूतों के गंगा-जल I


दुखियों की आवाज़, पीड़ितों की प्रिय हलचल II


कह कवि ‘सरस’ सुजान, क्रांति  के प्रिय प्रपात थे I


स्वामी श्रद्धानन्द प्रभामय स्वर्ण प्रात थे  II






     (3)


जन-गण-मन में व्याप्त थे, वे विशुद्ध विश्वास I


क्रांतिदूत, तप-त्यागमय, साहस के इतिहास II


साहस के इतिहास, प्रखर आशावादी थे I


लौह पुरुष ही नहीं, मनुज वे फ़ौलादी थे II


कह कवि ‘सरस’ सुजान, सुरुचि थी उन्हें सृजन में I


युग युग तक वे अमर रहेंगे जन-गण-मन में II




     (4)


पर-हित का व्रत धार के, किया मोह का त्याग I


उनके सत्पुरुषार्थ से, देश उठा फिर जाग II


देश उठा फिर जाग, यज्ञमय जीवन उन का I


जागा निष्ठा भाव, दिखाई ऐसी श्रद्धा II


कह कवि ‘सरस’ सुजान,उन्होंने आगे बढ़ कर I


गुरुकुल का चिर स्वप्न, किया साकार धरा पर II




     (5)


दिव्य दिवाकर दीप्त कर, हरे देश के कष्ट I


दिशि-दिशि में तम-तोम के, दुर्ग हो गए नष्ट II


दुर्ग हो गए नष्ट, क्रूर सत्तासीनों के I


निर्भय होकर अड़े, सामने संगीनों के II


कह कवि ‘सरस’ सुजान, शुधि का शंख बजाकर I


दूर किया अँधियार, उगाया दिव्य दिवाकर II


*-*-*-*-*

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

श्रीमद्भगवद्गीता श्लोक (३/०४)

न कर्मणामनारंभान्नैष्कर्म्यं पुरुषोऽश्नुते । न च सन्न्यसनादेव सिद्धिं समधिगच्छति ॥ भावार्थ :  मनुष्य न तो कर्मों का आरंभ किए बिन...