सोमवार, 6 नवंबर 2017

पंजाब केसरी - लाला लाजपत राय





पंजाब केसरी
लाला लाजपत राय

कर्मवीर पंजाब-केसरी का श्रद्धा से हो गुणगान I

शिव संकल्पों से उसके, भारत में जागा स्वर्ण विहान II


वीर-प्रसू पंजाब-धरा ने, दिये अनेकों रत्न महान,

महाराष्ट्र, गुजरात, बंग सम,  यह भी है अति महिमावान,

राजस्थान-उत्तर प्रदेश सी,  इसकी भी बांकी हैं शान,

     लालाजी ने किया देश के स्वाभिमान को आयुष्मान I

     कर्मवीर पंजाब-केसरी का श्रद्धा से हो गुणगान II  (1)


लाल-बाल-औ-पाल-प्रभा ने पैदा किए जागरण-गीत,

भारत माता की जय-जय के जागे जयकारे सुपुनीत,

भीम भयंकर भ्रांत भावना स्वयं हुई अतिशय भयभीत,

विपदाग्रस्त हुईं विपदाएँ, दंभ-दर्प सब हुए  विनीत, 

     अभिशापों ने किया पलायन, लहराए इच्छित वरदान I

     कर्मवीर पंजाब-केसरी का श्रद्धा से हो गुणगान II  (2)



वैदिक धर्मी प्रखर प्रचारक, अति सुखकर  आर्यत्व-समीर,

डी.ए.वी. लाहौर महाविद्यालय के संस्थापक वीर,

ईश-प्रेम से, देश-प्रेम  का स्वर जोड़ा उसने गम्भीर,

पीड़ित जन के हितचिंतन में उसको देखा गया अधीर,

     दुर्भिक्षों, भौंचालों की विपदाओं का वह बना निदान I

     कर्मवीर पंजाब-केसरी का श्रद्धा से हो गुणगान II  (3)



अंग्रेज़ी शासन ने जब की निज अनीतियों की बारिश,

देश-भक्ति पर निर्ममता से होने लगे प्रहार कुलिश,

समझोतों की रहने दी तिलमात्र नहीं जब गुंजाइश,

बेनकाब की इसी शूर ने अफ़रंगी की हर साज़िश,

घूमा किया, देश के हित वह, यू.के. अमरीका, जापान I

     कर्मवीर पंजाब-केसरी का श्रद्धा से हो गुणगान II  (4)


निर्मित किया इसी चिन्तक ने, वैदिक चिन्तन का परिवेश,

जेल ‘मांडले’ की, इस नर को दहला सकी नहीं लवलेश,

मातृ-भूमि की सेवा में दिन रात रहा रत यह दरवेश,

पाता रहा गर्म दल इससे, नित नूतन स्वर्णिम सन्देश,

     “इण्डियन होम रुल संस्था” में, इसी वीर ने फूंके प्राण I

     कर्मवीर पंजाब-केसरी का श्रद्धा से हो गुणगान II  (5)


वक्ता, लेखक, तर्कशील, निर्भय नर-नाहर वह नामी,

ऋषिवर स्वामी ‘दयानन्द’ का अति महिमामय अनुगामी,

लोकमान्य जी, मालवीय औ श्रद्धानन्द उसके हामी,

बेनकाब की ब्रिटिश-नीतियाँ, बन कर उसने निष्कामी,

     वह इतिहास-गगन पर जगमग जगा किया बन ज्योतिष्मान I

     कर्मवीर पंजाब-केसरी का श्रद्धा से हो गुणगान II  (6)


दानशीलता की परम्परा का उसने सुविकास किया,

स्वयं लुटाई निज संपतियां, औरों से भी दान लिया,

दलित अछूतों को सादर सूचक जीवन-अधिकार दिया,

सदगंधों से हुई सुसज्जित भारत की सुंदर बगिया,

     वह ‘दरिद्र नारायण’ की सेवा को समजे था सुमहान I

     कर्मवीर पंजाब-केसरी का श्रद्धा से हो गुणगान II  (7)


“जलियाँवाला कांड” – अनन्तर जब बैठा “साइमन आयोग”,

मिंटू-मार्ले के सुधार, ऐसे स्वांगों के छाए रोग,

काले झंडे लेकर निकले साहस कर भारत के लोग,

लेश नहीं भयभीत कर सके तब तानाशाही “बुल डोग”,

     “गो बैकों” के नारों से गूंजा था पूरा हिंदुस्तान  I

     कर्मवीर पंजाब-केसरी का श्रद्धा से हो गुणगान II  (8)


नामर्दों ने कायरतावश सेना का लेकर  आधार,

सार्जेंटों द्वारा जनता पर कोड़ों की कर दी बौछार,

घायल वीर दहाड़ उठा तब, करके यों भीषण हुंकार –

“ब्रिटिश राज्य के कफ़न-कील सब होंगे साबित यही प्रहार,

     तिलभर पीछे हटो न वीरो! व्यर्थ नहीं जाता बलिदान”

     कर्मवीर पंजाब-केसरी का श्रद्धा से हो गुणगान I

शिव संकल्पों से उसके, भारत में जागा  स्वर्ण विहान (9)

*-*-*-*-*



(आकाश गंगा)








कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

श्रीमद्भगवद्गीता श्लोक (३/०४)

न कर्मणामनारंभान्नैष्कर्म्यं पुरुषोऽश्नुते । न च सन्न्यसनादेव सिद्धिं समधिगच्छति ॥ भावार्थ :  मनुष्य न तो कर्मों का आरंभ किए बिन...