लोक नायक
जय प्रकाश नारायण
आज़ादी का सेनानी जो, जन-जन के दिल की धड़कन था,
जन-सेवक था, जन-नायक था, जन-आंदोलक, जन-रंजन था,
जीवन जिस का अति ज्योतिर्मय, निस्स्वार्थ-भाव का
ज्ञापन था I
वह जय प्रकाश नारायण था I
वह जय प्रकाश नारायण था I (1)
प्रत्येक कुशासन के विरुद्ध, कटिबद्ध रहा जो
आजीवन,
संग्रामों का वह अनुमोदन, संघर्षों का वह आमंत्रण,
जो सचमुच में खल-दल-गंजन, रिपुसूदन, असुर निकन्दन
था I
वह जय प्रकाश नारायण था I
वह जय प्रकाश नारायण था I (2)
थीं यातनायँ जो नारकीय, उनका आखेट रहा था जो,
जिसने झेला था कई बार, निर्दयी बर्फ़ की सिल्ली
को,
फिर भी उन विकट दशाओं में, जो दुर्निवार आन्दोलन
था I
वह जय प्रकाश नारायण था I
वह जय प्रकाश नारायण था I (3)
जिसका समाजवादी चिंतन, जो समता का साधक अखण्ड,
‘भूदान’ तथा ‘सर्वोदय’ क़ आन्दोलन का नेता प्रचण्ड,
जो एक अहिंसक गतिविधि का प्रिय गुंजन था, गुरु
अर्जन था I
वह जय प्रकाश नारायण था I
वह जय प्रकाश नारायण था I (4)
जो जुड़ा ‘ह्रदय परिवर्तन’ से, सद्भावों का गायक
था जो I
निज सच्चरित्रता के बल पर, बन गया “लोकनायक” था
जो I
जिस के सम्मुख ‘माधोसिंह’ से डाकू ने किया समर्पण
था I
वह जय प्रकाश नारायण था I
वह जय प्रकाश नारायण था I (5)
जो वर्गहीन, शोषण विहीन, जन-तन्त्र चाहता था
निश्चित,
नव-निर्माणों के स्वप्नों से, जिसकी सब
गतिविधियाँ स्पंदित,
जो जनता-पार्टी-माध्यम से, “सम्पूर्ण क्रान्ति” –
अभिव्यंजन था I
वह जय प्रकाश नारायण था I
वह जय प्रकाश नारायण था I (6)
*-*-*-*-*
(आकाश गंगा)

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें