वीर विनायक
दामोदर सावरकर
मातृ-भूमि हित उस योद्धा ने काम किये निष्काम I
उसकी जीवन-गाथा के अति प्रेरक हैं आयाम II
उग्र क्रान्ति का सूत्र धार वह, अतिशय प्रतिभाशाली,
गोले-बम-पिस्तौल बनाने की विधि ढूंढ निकाली,
लेखन-भाषण-माध्यम से भी, किया घोर
संग्राम I
मातृ-भूमि हित उस योद्धा ने काम
किये निष्काम I (1)
कारा से छुटने की धुन में, जतन किया जीदार,
कूद यान से, तैर तैर कर किया समुन्दर पार,
सपने में भी कार्यक्रमों को दिया न पूर्ण विराम I
मातृ-भूमि हित उस योद्धा ने काम
किये निष्काम I (2)
एकमात्र आराध्या उसकी, थी भारत माता
ही,
देश-भक्ति की भव्य भावना और भला क्या होगी,
अर्पित थे उस आराध्या को ही
तन-मन-धना-धाम I
मातृ-भूमि हित उस योद्धा ने काम
किये निष्काम I (3)
वीर शिवा का वह अनुयायी, बैठा रहा न शांत,
उसकी गतिविधियाँ पैरिस तक फैल गई निभ्रांत,
अफ़रंगी थर्राया सुनकर ‘सावरकर’ का
नाम I
मातृ-भूमि हित उस योद्धा ने काम
किये निष्काम I (4)
आजीवन काले पानी का उसको दण्ड मिला था,
इसी दण्ड से दण्डित उसका प्रिय भ्राता भी हुआ था,
जिसका दोष काव्य-रचना था, मातृभूमि
के नाम I
मातृ-भूमि हित उस योद्धा ने काम
किये निष्काम I (5)
अपनी प्रिय आर्यत्व-भावना उसको अति रुचिकर थी,
कटें बेड़ियाँ भारत माँ की, इच्छा यही प्रखर थी,
लन्दन में भी रह कर उसने किये
विलक्षण काम I
मातृ-भूमि हित उस योद्धा ने काम किये निष्काम I
उसकी जीवन गाथा के अति प्रेरक हैं आयाम I(6)
*-*-*-*-*

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें