लौह पुरुष
सरदार पटेल
भारत की आज़ादी की हित उसने झेली बरसों जेल,
खूब फली-फूली उपवन-आँगन में उस की सेवा-बेल,
जन-जन की नस-नस मैं उसने देशभक्ति-रस उंडेल,
अनय-नीति के नथनों में वह रहा डालता नित्य नकेल,
अंग्रेज़ी शासन थर्राया, खेले उसने
ऐसे खेल I
उच्च मनोबल का सम्बल था, लौह पुरुष
सरदार पटेल I (1)
त्याग-तपस्या-बल पर उसने किया देश का
कायाकल्प,
उसके सम्मुख टिक न सका कुछ, कोई गड़बड़ झाला, गल्प,
अनुपम गतिविधियों में उसकी ऊर्जस्वित ठाट शौर्य अनल्प,
पग पग पर आड़े आया नित उसके मान का शिव संकल्प,
साहस-बल से अवरोधों को उसने पीछे
दिया धकेल I
उच्च मनोबल का सम्बल था, लौह पुरुष सरदार पटेल I
(2)
उसके साहस के संस्मारक-जूनागढ़, हैदर-आबाद,
पुनर्वास की जटिल समस्या, कृषकों के जिवंत जिहाद,
शत-शत नव्वाबों के उसने झाड़ दिये सब गर्वोंन्माद,
आज संगठित भारत सचमुच, उस विभूति का
पुण्य प्रसाद,
पाटी उसने विषम खाइयाँ, समतल किए
सभी बेमेल I
उच्च मनोबल का सम्बल था, लौह पुरुष सरदार पटेल I
(3)
रिपु के प्रति साकार अनल था, दृढ़-प्रतिज्ञ वह दृढ़-विश्वास,
‘जिन्ना’ औ ‘चर्चिल’ का उसने खूब उड़ाया था उपहास,
उसकी सिंह-गर्जनाओं ने निर्मित किये अमित उल्लास,
याद किया जायेगा निश्चित, वह उसका स्वर्णिम इतिहास,
शांत हुई उसके विवेक से, खल-दल-बल
की ठेलम ठेल I
उच्च मनोबल का सम्बल था, लौह पुरुष सरदार पटेल I
(4)
उसके कुशल प्रशासन को लख, बाग़ बाग़ था सारा बाग़,
सुलझा के रख दिये उसी ने, कितने उलझे हुए दिमाग़,
जो कलंक के निश्चित कारण, ऐसी सब धो डाले दाग़,
आशावाद उगा दिशि-दिशि में, निर्भयता के जगे चिराग़,
आततायियों को ललकारा, उन का खूब
निकला तेल I
उच्च मनोबल का सम्बल था, लौह पुरुष सरदार पटेल I
(5)
प्रमाणिक जन-नायक था वह, किया ‘बारदोली’- उद्धार,
“अंग्रेजों ! भारत छोड़ो” का आन्दोलन उसका हुंकार,
उसके पौरुष के परिचायक खल-दल-बल पर प्रखर प्रहार,
उसकी ‘सरस’-सुप्रतिभा से यह भारत देश
हुआ बेदार,
शंख-नाद से उसने अपने दूर किए झंखाड़-झमेल I
उच्च मनोबल का सम्बल था, लौह पुरुष सरदार पटेल I
(6)
*-*-*-*
(आकाशगंगा)

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें