शुक्रवार, 13 अक्टूबर 2017

भारत महिमा









जिसे देवराज 'इंद्र' ने था दुलारा ,

जिसे   मातृ -भू  मान्य 'मनु' ने पुकारा ,

जो सम्राट 'पृथु’ का रहा प्राण -प्यारा ,

सुधी ‘इक्ष्वाकू’ की आँखों का तारा,

                         प्रथम जिसने दी ज्ञान-विज्ञान-धारा

वही देश भारत समुन्नत हमारा  (1)







‘ययाती’ ने सुख धाम पाया था जिस को,

अमित ‘अम्बरीषों’ ने गाया था जिस को,

महिम ‘मान्धाता’ ने ध्याया था जिस को,

मनस्वी ‘नहुष’  ने रिझाया था जिस को,

                      दिया लोक मंगल को जिस ने सहारा

वही देश भारत समुन्नत हमारा  (2)



महाराज ‘मुचुकुन्द’ थे जिस के चेरे,

दयाशील ‘शिवी’ जिसकी छवि के चितेरे,

दिये जिसने जगती को स्वर्णिम सवेरे,

‘ऋषभ’, ‘ऐल’, ‘नृग’ जिसके गायक घनेरे,

                      रहा जिस का परिवेश अनिमेष न्यारा

                                वही देश भारत समुन्नत हमारा  (3)





प्रणत जिसके आगे ‘कुशिक’ की प्रखरता,

समरशूर ‘सोमक’ की थी जिसमें श्रध्दा,

विमल ‘गाधि’ जिस से जुड़ा था सनिष्ठा,

नमित जिस के प्रति दिव्य ‘दिल्लीप’ भी था,

                       अभय दान से जिसने जग को उबारा

वही देश भारत समुन्नत हमारा (4)











‌‍

“मनुर्भव” के सन्देश जिसने गुंजाए,

अमर आत्म-सत्ता के संगीत गाए,

विमल वेद-विद्या के जादू जगाए,

सुपथ स्वस्ति औ शान्ति के हैं दिखाए,

                          गगन यज्ञ-सौरभ से जिसने संवारा

वही देश भारत समुन्नत हमारा (5)

जहाँ ‘राम’ जन्मे थे, ‘घनश्याम’ जन्मे,

‘भरत’, ‘व्यास’, ‘गौतम’ से गुणग्राम जन्मे,

‘पतंजलि’, ‘कपिल’, ‘शंकर’- अभिराम जन्मे,

‘दयानन्द’, ‘गाँधी, सुधा-धाम जन्मे,

                    जगा जिस से लौकिक-अलौकिक उजारा

वही देश भारत समुन्नत हमारा  (6)



इसी भू पे जन्मी थीं ‘सावित्रि’, ‘सीता’,

‘शची’, ‘शारदा’, ‘सत्यभामा’ व ‘सत्या’,

‘सुनयना’ सुधी, ‘रोहिणी’, ‘गार्गी’, ‘भद्रा’,

‘अरुन्धती’, ‘अदिति’, ‘पार्वती’ और ‘पिंगला’,



                       रहा है जो ‘मीरा’ को प्राणों से प्यारा

वही देश भारत समुन्नत हमारा  (7)

हुए ब्रह्म ज्ञानी जहाँ शक्ति शाली,

परम तेज के पुंज, ज्यों अंशु माली,

प्रथम जिसने दर्शन की है नीँव डाली,

जगी है जहाँ योग-बल की उजाली,

                      असीमित का मिलता जहाँ है किनारा

वही देश भारत समुन्नत हमारा  (8)





जो  व्यासों तथा कालिदासों की धरती,

जहाँ गुंजरित ‘जायसी’, ‘सूर‘, ‘तुलसी’,

धरा है जो ‘नानक’, ‘कबीर’ आदिकों की,

जहाँ तान गूंजी है ‘टैगोर’ की भी,

                      बही जिसमें ‘रसखान’ की काव्य धारा

वही देश भारत समुन्नत हमारा  (9)







जिसे औलियाओं ने सिजदे किये हैं,

जिसे चिश्तियों ने भी बोसे दिए हैं,

सुसन्देश नबियों ने जिस से लिए हैं,

सभी चाक इन्सानियत के सिये हैं,

                    रसूलों ने  श्रध्दा से जिस को निहारा

वही देश भारत समुन्नत हमारा  (10)





सदा विश्व में जो रहा है विलक्षण,

जो है स्वर्ग-अपवर्ग का दिव्य साधन,

जिसे चाहते हैं सभी देवता गण,

कहाता है संसार में जो महा धन,

                    धरा पर परम धाम जिस ने  उतारा

वही देश भारत समुन्नत हमारा  (11)





जहाँ मोक्ष-हित देवगण भी हैं आते,

इसी पुण्य भू को वे इस योग्य पाते,

‘सरस’ दृश्य अनुपम जहाँ जगमगाते,

हिमालय-शिखर जिस का गौरव बढ़ाते,

                   समुन्दर ने चरणों को जिसके पखारा

वही देश भारत समुन्नत हमारा  (12)

*-*-*-*-*













कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

श्रीमद्भगवद्गीता श्लोक (३/०४)

न कर्मणामनारंभान्नैष्कर्म्यं पुरुषोऽश्नुते । न च सन्न्यसनादेव सिद्धिं समधिगच्छति ॥ भावार्थ :  मनुष्य न तो कर्मों का आरंभ किए बिन...