शिवसंकल्प
जगते-सोते जो नित नूतन, नाना विधि गतिविधि है करता।
एक विलक्षण दिव्य तत्त्व है, आशातीत उड़ाने भरता।।
दूर-दूर तक जाने वाला, ज्योति-ज्योति में है ज्योतित जो।
वह मेरा मन, हे जगवन्दन! शिव संकल्पों से शोभित हो। (1)
जिसके बल पर कर्मनिष्ठ सब, संघर्षों का व्रत लेते हैं।
शूर वीर वर, धीर धुरन्धर, यज्ञ-ज्योति जग को देते हैं।।
प्रजा-मध्य अध्यक्ष यक्ष है, अति अद्भुत, बल तेज सहित जो।
वह मेरा मन, हे जगवन्दन् शिव
संकल्पों से शोभित हो। (2)
साधन है जो उच्च ज्ञान का, धृति – साहस – चैतन्य प्रदाता।
मनुज मात्रा में अमर जोत जो, जीवन प्रति उत्साह जगाता।।
जिस-बिन कर्म न कोई सम्भव, बन्ध-मोक्ष-कारण लक्षित जो।
वह मेरा मन, हे जगवन्दन! शिव
संकल्पों से शोभित हो। (3)
भूत‘भविषत् वर्तमान का, जो सब ज्ञान ग्रहण करता है।
अमृत है जो, जन्म जन्म में, अंग-अंग झर-झर झरता है।।
ज्ञान-यज्ञ सब कर सकता है, सप्त शक्तियों से विस्तृत जो।
वह मेरा मन, हे जगवन्दन! शिव संकल्पों से शोभित हो। (4)
ऋक-अथर्व-यजु-साम-गान-स्वर, गुम्फित हैं जिसमें यों सारे।
ज्यों रथचक्र-केन्द्र में
दिशि-दिशि, जुड़े हुए रहते हैं
आरे।।
प्रजा-लोक के चित्त-निचय से ओत-प्रोत
है निच निश्चित जो।
वह मेरा मन, हे जगवन्दन! शिव संकल्पों से शोभित हो। (5)
चतुर सारथी ‘सरस’ रास युत, ज्यों अश्वों को दौड़ाता है;
त्यों जन-जन को मन-महारथी, इच्छित पथ पर ले जाता हे।।
हृदय-प्रतिष्ठित, वेग प्रज्वलित, तरुण अरुण नित, जरा रहित जो।
वह मेरा मन, हे जगवनदन! शिव संकल्पों से शोभित हो। (6)
(क्रांति निकुंज)


कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें