रघुवंश-भूषण
मर्यादा-पुरुषोत्तम
श्री राम
गौरव गाथा है
गरिमामय, रघुवर के वृत्त
मनोरम की,
खल-गंजन, असुर-निकंदन की, सज्जनगण के सुख-संगम की,
रक्षा की उस ने जीवन भर, यज्ञों
की, औ निगमागम की,
नित दूर हटाई हैं अविरत, स्थितियां सब भीषण भय-भ्रम की
जय मर्यादा-पुरुषोत्तम की, जय
मर्यादा-पुरुषोत्तम की (1)
वह भारतीय संस्कृति-गायक, रक्षक, उद्धारक, उन्नायक,
स्वर्णिम इतिहास-गगन का वह जाज्वल्यमान रवि सुखदायक,
उसका प्रिय जीवन-दर्शन है,
आध्यात्म सुधा का परिचायक,
जग में उसकी चर्चा मानो चर्चा है प्रिय पुष्पागम की
जय मर्यादा-पुरुषोत्तम की, जय मर्यादा-पुरुषोत्तम की (2)
वह सत्य-परायण, सत्य निष्ठ, स्थितप्रज्ञ, परम आशावादी,
पा गए अभय का दान सभी,
जो बनकर आए फ़रियादी,
प्रण उसके सकल अटल अविचल,
निश्चय सब उसके फ़ौलादी,
है कथा अकथ, उसके निरुपम रण-कौशल की, बल-विक्रम की जय मर्यादा-पुरुषोत्तम की, जय
मर्यादा-पुरुषोत्तम की (3)
वह दृढ़-प्रतिज्ञ, सद्धर्म-निष्ठ, मंगलमय, अति पावन, प्रवीण;
बेजोड़ धनुर्धर, धीर-वीर, धरती का वह दिग्गज धुरीण;
सम्मुख उसके खल-दल
कम्पित, सब राक्षसगण, सब असुर क्षीण;
प्रिय
गाथाएँ हैं नित नविन, उसके शम-दम की, सयंम की
जय मर्यादा-पुरुषोत्तम की, जय मर्यादा-पुरुषोत्तम की (4)
वह क्षमाशील, उर से उदार, शरणागत-वत्सल, सुख-निधान,
धृति, साहस, तेज, मनोबल में विख्यात परम ज्यों अंशुमान,
वह दिव्य धनुर्धर
अलबेला, विश्रुत हैं उसके “राम बाण”,
कम
है जितनी भी की जाए, परिचर्चा ऐसे सक्षम की
जय मर्यादा-पुरुषोत्तम की, जय मर्यादा-पुरुषोत्तम की (5)
वह प्रेम भावनायुक्त मधुर, निष्काम-वृति में शराबोर,
मन-मति को झंकृत करती है, उसके सुविचारों की हिलोर,
छा जाती है उसकी
सुकथा, आन्नद-सुधा में कर विभोर,
प्रिय
लगती है हर बात सदा, उस के सुपुनीत पराक्रम की
जय मर्यादा-पुरुषोत्तम की, जय मर्यादा-पुरुषोत्तम की (6)
आदर्श भ्रात, आदर्श भूप, आदर्श पुत्र आज्ञाकारी,
आदर्श मित्र, आदर्श शत्रु, आदर्श सखा सुखसंचारी,
वह शील-शक्ति-सौन्दर्य-सीम, अतुलित सब उसकी उजियारी,
पुरुषार्थ, ‘सरस’ गीता
गाता, उसके अनुपम श्रम-उद्यम की
जय मर्यादा-पुरुषोत्तम की, जय मर्यादा-पुरुषोत्तम की (7)
*-*-*-*-*
आकाश गंगा

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें